डोंगरगढ़. ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक युवक को इस कदर कर्ज में डुबो दिया कि करीब 10 लाख रुपए का कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बना डाली. दोनों ने करीब तीन महीने तक रेकी करने के बाद ठाकुरटोला निवासी एक किसान के सूने मकान को निशाना बनाया और करीब 8.50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए.
वारदात के बाद दोनों आरोपी चोरी के जेवर लेकर रायपुर
चले गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगे. पुलिस ने
आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, वारदात में
प्रयुक्त कार और रायपुर के एक अन्य मकान से चोरी किए गए आभूषण सहित कुल 15.50
लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है.
पुलिस के अनुसार, ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने पुलिस चौकी मोहारा में रिपोर्ट दर्ज
कराई थी कि 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब
9 बजे वह परिवार के साथ खेती-किसानी के काम से खेत गया था.
दोपहर करीब 1 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा
मिला. अंदर जाकर देखने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे. शिकायत पर
पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 के तहत धारा 331 एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू
की.
विवेचना के दौरान पुलिस को गांव के ही सुरेन्द्र साहू
और गणेश्वर नेताम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. पूछताछ में सामने आया कि
सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते करीब 10 लाख रुपए का कर्ज हो गया था. इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने साथी
गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी.
छत पर छिपा रहा गणेश्वर
सुरेन्द्र करता रहा निगरानी
योजना के मुताबिक वारदात वाले दिन
दोनों सुबह करीब 4 बजे दीपक वर्मा के घर
पहुंचे. गणेश्वर नेताम घर के पास खड़े ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर
छिप गया, जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास निगरानी करता रहा. सुबह
करीब 9 बजे परिवार के खेत चले जाने के बाद सुरेन्द्र ने
मोबाइल से अपने साथी को सूचना दी. इसके बाद गणेश्वर छत से नीचे उतरा और लोहे की
रॉड से कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गया. उसने गोदरेज आलमारी को भी क्षतिग्रस्त
कर उसमें रखे सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और एक जोड़ी पैरपट्टी चोरी कर
ली.
कार से रायपुर पहुंचे,
किराये के मकान में छिपाए जेवर
वारदात को अंजाम देने के बाद गणेश्वर
घर की पिछली बाड़ी से बाहर निकला, जहां
सुरेन्द्र साहू अपनी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 लेकर पहुंचा
था. दोनों चोरी के जेवरात लेकर रायपुर चले गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये
का मकान लेकर साथ रहने लगे. आरोपियों ने जेवरात बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर कुछ आभूषण किराये के मकान में ही छिपाकर रख दिए.
रायपुर के मकान से भी
चोरी किए थे सोने के जेवर
पुलिस पूछताछ में सुरेन्द्र साहू ने
एक अन्य चोरी की वारदात का भी खुलासा किया. उसने बताया कि ग्राम के परिचित हेमंत
साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान उसने एक जोड़ी
सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चोरी किए थे. इन जेवरात को उसने मुथूट फाइनेंस
डोंगरगढ़ में गिरवी रख दिया था.
15.50 लाख की संपत्ति जब्त
दोनों आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के
आधार पर पुलिस ने ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में
प्रयुक्त 5 लाख रुपए कीमत की कार तथा रायपुर के अरिहंत नगर
से चोरी किए गए 2 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवरात जब्त किए
हैं. इस तरह कुल 15 लाख 50 हजार रुपए
की संपत्ति की जब्ती की गई है.