रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा है। आरोप है कि उन्होंने एक कारोबारी के वाहन को ई-वे बिल के मामले में छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के एवज में रिश्वत मांगी थी। इस मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले इमरान मेमन की संलिप्तता भी सामने आई है। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी ने अधिकारी के आवास पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में तलाशी शुरू कर दी है।
वाहन छोड़ने और केस में राहत देने के
बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार,
कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि स्टेट जीएसटी विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अचला गिरी ने
ई-वे बिल से संबंधित मामले में उनके वाहन को रोक दिया था। वाहन रिलीज कराने और
प्रकरण में राहत दिलाने के बदले उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप के
मुताबिक, अधिकारी ने इस काम के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे थे।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे
हाथों पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत का सत्यापन कर एसीबी ने
बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले
रिश्वत मांगने से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के
बाद 21 नवंबर 2026 को
जगदलपुर एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई
की योजना बनाई। निर्धारित कार्रवाई के दौरान टीम ने अचला गिरी को उनके निवास पर
डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया। एसीबी के अनुसार यह रकम अधिकारी
ने मध्यस्थ इमरान मेमन के जरिए प्राप्त की थी।
मध्यस्थ इमरान मेमन की भूमिका भी आई
सामने
इस मामले में इमरान मेमन (30
वर्ष), पिता इदरीश मेमन, निवासी संजयनगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है। एसीबी
के मुताबिक इमरान ने रिश्वत की रकम अधिकारी तक पहुंचाने में मध्यस्थ की भूमिका
निभाई थी। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही
है।
आय से अधिक संपत्ति के संदेह में
अधिकारी के घर तलाशी
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद एसीबी
की टीम ने अंचला गिरी के निवास पर भी तलाशी अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई आय
से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में की जा रही है। टीम घर में मौजूद संपत्ति,
दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत
मामला दर्ज
एसीबी के अनुसार,
अचला गिरी और इमरान मेमन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम,
1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 7
एवं 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति से जुड़े पहलू पर भी नियमानुसार जांच की जा रही है। मामले में
आगे की विवेचना जारी है।