बलरामपुर : जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. बसंतपुर थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली इनोवा कार से 70.390 किलो गांजा बरामद होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान अशोक कुमार यादव (43 वर्ष) के रूप में हुई है. वह महाराष्ट्र के पालघर का निवासी है. पुलिस ने फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई.
35 लाख का गांजा और 15 लाख की इनोवा जब्त
पुलिस के मुताबिक,
22 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम
फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते पर एक इनोवा कार (MH 04 DY 9471) काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने गवाहों की
मौजूदगी में मैकेनिक की मदद से कार का लॉक खुलवाया और तलाशी ली. कार की डिक्की से
भूरे रंग के टेप में लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक
बोरी मिली. बोरी के अंदर भी इसी तरह के 16 पैकेट रखे हुए थे.
जांच में सभी 34
पैकेटों में गांजा पाया गया. इसका कुल वजन 70.390 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई. पुलिस ने तस्करी में
इस्तेमाल इनोवा कार भी जब्त की, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है.
ओडिशा
से उत्तरप्रदेश ले जा रहा था गांजा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अशोक यादव
ने बताया कि उसने मुंबई के एक व्यक्ति से इनोवा कार खरीदी थी,
लेकिन वाहन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराया था. कोरोना काल में
दुकान बंद होने के बाद वह अपने गांव मिर्जापुर लौट आया था और ड्राइवरी का काम करने
लगा था.
आरोपी के मुताबिक,
जुलाई 2026 में वह अपने अन्य साथियों के साथ
ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा था. वहां इनोवा में गांजा लोड करने के बाद 22 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश जा रहा था.
ट्रक
हादसे के बाद कार छोड़कर भागा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि
वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक के पेड़ से टकराने के कारण आगे चल रही कार ने अचानक
ब्रेक लगा दिया. इससे उसकी इनोवा कार आगे चल रही कार से टकरा गई. इसके बाद वह वाहन
तेज गति से भगाने लगा. छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश की सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की
आशंका होने पर वह कच्चे रास्ते में इनोवा खड़ी कर अपने साथियों के साथ फरार हो गया
था.
फास्टैग
से खुला तस्करी का राज
पुलिस ने लावारिस मिली इनोवा के
फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. इसी आधार पर अशोक यादव की
पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार
कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है. पुलिस मामले में शामिल अन्य
लोगों और तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.