रायपुर : खेत में फसल कितनी होगी, यह हमेशा किसान के हाथ में नहीं होता। सिंचाई की सीमित सुविधा और वर्षा पर निर्भर खेती के कारण कई बार उपज कम रह जाती है। ऐसे में कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना का पूरा लाभ देने का निर्णय उनके लिए आर्थिक संबल और नई उम्मीद लेकर आया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के
निर्णय के अनुसार, एक एकड़ में निर्धारित 21
क्विंटल की सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी
आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। निर्धारित सीमा और किसान द्वारा बेचे गए धान की
मात्रा के अंतर के आधार पर सहायता की गणना कर प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक का पूरा लाभ दिया जाएगा। यह राशि धान विक्रय के भुगतान के साथ
किसान के खाते में प्रदान की जाएगी। इससे कम उपज वाले किसानों को भी योजना का लाभ
मिलेगा और वे अपनी उपज सीधे उपार्जन केंद्रों में बेचने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
कटघोरा विकासखंड के ग्राम नवापारा की
महिला किसान श्रीमती दयामती केला ने अपने पुत्र श्री अश्वनी केला के साथ कटघोरा
उपार्जन केंद्र में 36 क्विंटल धान बेचा।
खरीदी के पहले दिन बिना किसी परेशानी के धान विक्रय होने पर उन्होंने प्रसन्नता
जताई। श्रीमती केला ने बताया कि उनके क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा नहीं है और
खेती वर्षा पर निर्भर रहती है। फसल तैयार करने के लिए काफी मेहनत और देखभाल करनी
पड़ती है। उन्होंने कहा कि पहले धान बेचने और उपज का उचित मूल्य पाने में कई
कठिनाइयां आती थीं, लेकिन अब खरीदी केंद्रों में सुविधाएं
बेहतर हुई हैं। मुख्यमंत्री के निर्णय से कम धान बेचने वाले छोटे किसानों को भी
राहत मिलेगी।
ग्राम डोड़कीधरी के किसान श्री
राजाराम ने पहले दिन 12 क्विंटल धान बेचा।
उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने खेत में मोटा धान लगाया था। कम मात्रा में धान
बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता मिलने का निर्णय उनके जैसे किसानों के
लिए भरोसा बढ़ाने वाला है। उन्होंने इस किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री
विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्राम पोलमी के किसान श्री संतोष
साहू ने 51.60 क्विंटल और ग्राम
बुढ़ापारा के किसान श्री राजेंद्र कुमार यादव ने 15.20 क्विंटल
धान बेचा। पहले दिन खरीदी शुरू होने और उपार्जन केंद्र में सम्मानपूर्वक धान
विक्रय का अवसर मिलने से दोनों किसानों में उत्साह रहा। किसान श्री विजय सिंह कंवर
ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं से
किसानों में खुशहाली और समृद्धि का नया विश्वास पैदा हुआ है।
समय पर भुगतान के साथ आदान सहायता
मिलने से किसानों को खेती के खर्चों के लिए आर्थिक मदद मिलेगी। यह निर्णय खासकर उन
किसानों के लिए मददगार है जिनकी फसल सिंचाई की कमी या कम उत्पादन के कारण
निर्धारित सीमा तक नहीं पहुंच पाती। उचित मूल्य, सुविधाजनक
खरीदी और सहायता राशि का भरोसा किसानों को बिचौलियों पर निर्भर हुए बिना उपार्जन
केंद्रों में धान बेचने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
’किसानों के लिए टोकन
की है व्यवस्था’
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27
में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक होगी।
खरीदी पंजीकृत किसानों के आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन से की जाएगी। सामान्य
धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल है। इसके साथ
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 659 रुपये प्रति क्विंटल की
आदान सहायता जोड़ने पर कुल राशि 3,100 रुपये प्रति क्विंटल
होती है। ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति
क्विंटल है। खरीदी की अधिकतम सीमा प्रति एकड़ 21 क्विंटल है। ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप से 24 घंटे
टोकन लेने की सुविधा है। 2 एकड़ तक की भूमि वाले किसान को 1,
2 एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक वाले किसान को 2
तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान को 3
टोकन मिलेंगे। धान की मात्रा 40 किलोग्राम
प्रति बोरा निर्धारित है और नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत
है।