November 01, 2026


एलआईसी पॉलिसी के नाम पर 69.37 लाख की ठगी, फर्जी आरबीआई अधिकारी गिरफ्तार

कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एलआईसी की बंद पड़ी पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का झांसा देकर 69 लाख 37 हजार 518 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को भारतीय रिजर्व बैंक और राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने 7 अक्टूबर को साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात लोगों ने खुद को RBI और NCDRC का अधिकारी बताकर बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी में जमा रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने पॉलिसी की राशि रिकवर कराने, अलग-अलग संस्थाओं से एनओसी  दिलाने और न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 69,37,518 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए।

दिल्ली में 5 दिन तक तलाश के बाद गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान मोहम्मद जैद खान (37), निवासी जामिया नगर, दिल्ली की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद साइबर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से पांच दिनों तक तलाश अभियान चलाया। आखिरकार आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

एलआईसी में काम कर चुका है आरोपी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम कर चुका था। वह अपने पूर्व परिचित और कंपनी में कार्यरत एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर बंद पड़ी बीमा पॉलिसियों की रकम वापस दिलाने और पॉलिसी दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से संपर्क करता था। आरोपी सरकारी संस्थाओं का अधिकारी बनकर लोगों का विश्वास जीतता और बड़ी रकम वापस मिलने का लालच देता था।

इसके बाद एनओसी, न्यायालयीन प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा कराए जाते थे। ठगी के लिए फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था।

दूसरे आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद जैद खान ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives