November 01, 2026


एक करोड़ की चोरी का खुलासा : फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए थे कैश और जेवर, 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।

दरअसल डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थी। 23 अक्टूबर को लौटने पर आलमारी से नगदी और कीमती आभूषण गायब मिले। जांच में पुलिस को राहुल बंसोड़ पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने गोंदिया और नागपुर से लेकर मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों का पीछा किया। उत्तरप्रदेश में पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए स्थान से बरामद किए गए। पूछताछ में चोरी के आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचने की जानकारी मिली।

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश की थी। वहीं मुख्य आरोपी राहुल ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड XUV कार खरीदी, जबकि प्रदीप ने सुपर स्प्लेंडर बाइक समेत घर के निर्माण और अन्य खर्चों में पैसा लगाया। सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब राहुल चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही वह सुपेला चौक के पास कार छोड़कर फरार हो गया और अपने सहयोगियों को इनोवा से चोरी का माल लेकर निकलने कहा।

पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। इनोवा से नगदी और आभूषण बरामद हुए। मामले में ज्वेलर्स, चोरी का माल छिपाने वाले परिजन और फरार आरोपी को वाहन व अन्य सहायता देने वाले सहयोगियों पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश के साथ चोरी की शेष संपत्ति और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives