रायगढ़ : विकासखंड पुसौर के लगभग 100 मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी से मुलाकात प्रेरणादायी और यादगार अनुभव बन गई। शैक्षिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री श्री चौधरी के निज निवास पर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान श्री चौधरी ने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद किया और शिक्षा, करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर उनका मार्गदर्शन किया।
संवाद के दौरान
विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के अवसरों,
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन और
लक्ष्य निर्धारण से जुड़े कई सवाल पूछे। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने उनकी
जिज्ञासाओं का सहजता से समाधान करते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखना जरूरी है,
लेकिन उन्हें साकार करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत भी उतनी ही
आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समय
का सदुपयोग करने की सीख दी।
वित्त मंत्री श्री
चौधरी ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे
बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सफलता की राह में
आने वाली असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए,
बल्कि उनसे सीख लेकर नए उत्साह के साथ आगे बढ़ना चाहिए। आत्मविश्वास,
सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता
है। उन्होंने अपने अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए और उन्हें अपनी
क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वित्त मंत्री श्री
चौधरी का सहज और आत्मीय संवाद विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने न केवल विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया, बल्कि उनके साथ आत्मीयता से समय भी बिताया। इस
अवसर पर उन्होंने अपने निज निवास पर सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी
कराई। उनके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से विद्यार्थी काफी उत्साहित और अभिभूत नजर आए।
पुसौर विकासखंड के मेधावी एवं जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के विजेता
विद्यार्थियों के लिए यह मुलाकात केवल एक औपचारिक भेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास
के साथ आगे बढ़ने और सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की नई प्रेरणा दे गई।