November 19, 2026


बड़े घरानों के बच्चों ने बनाया बाइक चोर का गिरोह, 7 बुलेट समेत 16 वाहन जब्त, उम्र 18 से 21 वर्ष

रायपुर. राजधानी में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल सात लोगों को पकड़ा है.

इनके कब्जे से चोरी के 13 दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य वाहन सहित कुल 16 वाहन बरामद किए गए हैं. जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार गिरोह ने रायपुर के डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था. चोरी किए गए 13 वाहनों में सात बुलेट शामिल हैं.

बिना नंबर प्लेट की बुलेट ने खोला गिरोह का राज

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी. टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मुखबिरों से जानकारी जुटाने और संदिग्ध वाहनों की जांच में लगी हुई थी.

इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को डी.डी.नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को एक बुलेट सवार युवक दिखाई दिया. उसकी बाइक में पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी थी. पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोककर दस्तावेज मांगे, लेकिन वह वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.

पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीप छाबड़िया निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर बताया. गहन पूछताछ करने पर उसने बुलेट चोरी की होना स्वीकार किया. उसने बताया कि अपने साथी रुद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी बस्ती क्षेत्र से वाहन चोरी किया था.

इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया. पूछताछ में सभी ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया.

चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने अपनाते थे तरीका

पुलिस की पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया. आरोपी संगठित गिरोह बनाकर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमते थे और खास तौर पर बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे.

आरोपी वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी करते थे. वारदात के दौरान गिरोह का एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने साथ लाए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी के वाहन को ले जाते थे.

वाहनों की पहचान छिपाने के लिए आरोपी उनकी नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे. इसके अलावा वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशानों को मिटाने और संबंधित पार्ट्स बदलने का भी प्रयास करते थे.

 18.50 लाख का मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सात बुलेट सहित कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन दोपहिया वाहन एथर, आई-क्यूब और बर्गमेन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये है.इस तरह कुल 16 दोपहिया वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है.

चोरी किए गए सभी 13 वाहनों के संबंध में डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में धारा 303(2), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज हैं. संगठित गिरोह बनाकर वारदात करने के तथ्य सामने आने पर प्रकरणों में धारा 112 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

दीप छाबड़िया (21 वर्ष), निवासी कल्पतरू कॉलोनी, कोटा रोड, थाना सरस्वती नगर, रायपुर.

रुद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, थाना डी.डी.नगर, रायपुर.

शुभम पटले (22 वर्ष), निवासी किराए का मकान, रायपुरा, थाना डी.डी.नगर, रायपुर.

कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष), निवासी जे.डी. कॉम्प्लेक्स के पीछे, थाना कबीर नगर, रायपुर.

विधि से संघर्षरत तीन बालक.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives