रायपुर. महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी को लेकर ईडी ने आधिकारिक जानकारी साझा की है. इसमें बताया गया है कि करीब तीन साल से फरार चल रहे महादेव ऑनलाइन बुक के सह-प्रवर्तक और मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया है. ओमान से भारत लाए जाने के बाद ईडी ने 13 नवंबर को उसे धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया. रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय ने पूछताछ के लिए उसे 19 नवंबर तक सात दिनों की ईडी हिरासत में सौंप दिया है. इस मामले में भारत वापस लाया गया वह गिरोह का पहला प्रवर्तक है.
ईडी
ने इसमें आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा है कि जांच के अनुसार सौरभ चंद्राकर और
उसका सहयोगी रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्यालय से भारत और संयुक्त अरब अमीरात में
सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे. इसके लिए अलग-अलग ऑनलाइन सट्टेबाजी
वेबसाइटों और फ्रेंचाइजी पैनलों का इस्तेमाल किया जाता था. सट्टेबाजी से मिलने
वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी. बाद में
हवाला के माध्यम से इस रकम को विदेश भेजा जाता था. ईडी ने अक्टूबर 2023
में दाखिल अभियोजन परिवाद में गिरोह की मासिक कमाई करीब 450 करोड़ रुपए आंकी थी.
रेड कॉर्नर नोटिस के बाद
भी बचता रहा
सौरभ
चंद्राकर ने सितंबर 2023 में ईडी के समन
का पालन नहीं किया था. इसके बाद विशेष अदालत ने 4 सितंबर 2023
को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया. ईडी के अनुरोध पर
इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था. इस वारंट को चुनौती देते हुए उसने
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका लगाई, जिसे 22 मार्च 2025 को खारिज कर दिया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि भारतीय
पासपोर्ट धारक होने के बावजूद सौरभ ने वानुआतु का पासपोर्ट हासिल किया था. उसने
अदालत में दावा किया था कि 28 जून 2022
को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है.
मस्कट की अदालत ने
प्रत्यर्पण का दिया आदेश
सौरभ
को भारत लाने के लिए ईडी ने भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई की. विशेष
अदालत के प्रत्यर्पण अनुरोध को राजनयिक माध्यमों से ओमान भेजा गया. मस्कट की
अपीलीय अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया. भारतीय दूतावास से भारतीय नागरिकता की
पुष्टि होने के बाद उसकी नागरिकता छोड़ने संबंधी दलील खारिज कर दी गई. उसे कूटरचित
यात्रा दस्तावेज के आधार पर मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बाहर जाने की कोशिश
के दौरान पकड़ा गया था. इसके बाद सीबीआई की टीम 1 नवंबर 2026
को उसे मस्कट से भारत लेकर आई.
दो हजार करोड़ की
संपत्ति जब्त, 3500 करोड़ की
कुर्की
ईडी
अब तक इस मामले में करीब 190 ठिकानों
पर तलाशी ले चुकी है. कार्रवाई के दौरान लगभग 2,000 करोड़
रुपए की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की गई हैं. वहीं करीब 3,500 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई हैं. इसमें विदेशों में स्थित
लगभग 1,800 करोड़ रुपए की संपत्तियां और दुबई की 22 अचल संपत्तियां शामिल हैं. ईडी अब तक 116 आरोपियों
के खिलाफ छह अभियोजन परिवाद दाखिल कर चुकी है. सौरभ चंद्राकर इस मामले में
गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है.
शादी में 200
करोड़ रुपए खर्च करने का आरोप
जांच
में सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में
रास अल खैमाह में हुई शादी भी सामने आई थी. ईडी के मुताबिक इस समारोह में करीब 200
करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे. शादी में शामिल होने के लिए नागपुर
से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे. ईडी ने आयोजन कंपनी, होटलों
और आंगड़िया फर्मों के माध्यम से हुए लेन-देन की जांच कर रकम के प्रवाह का पता
लगाया. बरामद अतिथि सूची से गिरोह के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान भी की गई.
अमेरिकी कंपनी के
अधिग्रहण में भी सट्टे की रकम
ईडी
ने जांच में सट्टेबाजी पैनलों से दुबई स्थित मुख्यालय और वहां से हवाला संचालकों
तथा शेयर बाजार के निवेशकों तक रकम पहुंचने की कड़ी का पता लगाया है. सितंबर 2023
में दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़
रुपए की प्रतिभूतियां फ्रीज की गई थीं.
जुलाई
2026 में विकास गर्ग को गिरफ्तार किया
गया था. उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से अर्जित करीब 940 करोड़
रुपए मिले थे. इसमें से लगभग 766 करोड़ रुपए का इस्तेमाल
अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक. के अधिग्रहण में किया गया था. ईडी ने इस कड़ी में करीब 941
करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की हैं.
डिजिटल साक्ष्यों के
आधार पर होगी पूछताछ
ईडी
की सात दिन की हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों,
डिजिटल डेटा, विदेशी कंपनियों से जुड़े
दस्तावेजों और धनशोधन के साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की जाएगी. जांच एजेंसी यह
पता लगाने का प्रयास करेगी कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम किन-किन लोगों और कंपनियों
तक पहुंची तथा इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं. मामले में आगे की जांच
जारी है.