May 18, 2026


सुशासन तिहार-2026 : ऑडिटोरियम भवन में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर, शिविर में प्राप्त 87 आवेदनों में 65 का त्वरित निराकरण

ऑडिटोरियम भवन में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर एवं जनजातीय गरिमा उत्सव हितग्राहीमूलक सामग्री का किया गया वितरण

बलरामपुर : सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरपालिका परिषद बलरामपुर के ऑडिटोरियम भवन में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित कुल 87 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 65 आवेदनों का निराकरण किया गया, साथ ही शेष आवेदनों का भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा। साथ ही जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान का शुभारंभ करते हुए जनभागीदारी सबसे दूर सबसे पहले की थीम पर 18 से 25 मई तक आयोजित होने वाले अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

शिविर में नगरपालिका अध्यक्ष श्री लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी सहित सभी वार्डों के पार्षद एवं जनप्रतिनिधि, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दीपक एक्का सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में राजस्व विभाग, क्रेडा, कौशल विकास, खाद्य विभाग, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री लोधी राम एक्का ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आमजनों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। इस अवसर पर हितग्राही मूलक सामग्रियों का भी वितरण किया गया।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives