September 08, 2026


प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत मिलेट्स की उन्नत खेती सीखेंगे जशपुर के किसान

कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री गेंद बिहारी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को गुमला किया रवाना

रायपुर : प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत चयनित जशपुर जिले में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के अंतर्गत राज्य के बाहर कृषक भ्रमण-सह-मिलेट्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखण्ड के किसानों का दल मिलेट्स की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण लेने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र, गुमला (झारखण्ड) रवाना हुआ।

कृषक दल को जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति, जिला पंचायत जशपुर के सभापति श्री गेंद बिहारी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जशपुर की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियां मिलेट्स की खेती के लिए अनुकूल हैं। जिले में रागी, कोदो और कुटकी जैसे पौष्टिक अनाजों की खेती की व्यापक संभावनाएं हैं। आधुनिक उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन व्यवस्था को अपनाकर किसान मिलेट्स की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारियों को गंभीरता से सीखकर अपने खेतों में अपनाने तथा इनका लाभ गांव के अन्य किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि तकनीकों का अधिक से अधिक किसानों तक विस्तार होने से जिले में मिलेट्स की खेती को नई गति मिलेगी।

व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ सफल मॉडलों का करेंगे अवलोकन

कृषक भ्रमण-सह-प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मिलेट्स की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, बीज उत्पादन, पोषक तत्व प्रबंधन तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के आधुनिक तरीकों से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा। किसान गुमला क्षेत्र में मिलेट्स की खेती से जुड़े सफल प्रयासों और उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रत्यक्ष अवलोकन भी करेंगे।

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत आयोजित यह एक्सपोजर विजिट किसानों को सफल कृषि मॉडलों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जशपुर जिले में मिलेट्स के रकबे और उत्पादकता में वृद्धि, फसल विविधीकरण को बढ़ावा तथा किसानों के लिए आय के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसान पारंपरिक खेती के साथ पौष्टिक एवं बाजार की दृष्टि से संभावनाशील फसलों की उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives