November 15, 2026


केशकाल घाट में पुलिस की कार्रवाई : मोटरसाइकिल के पुराने कबाड़ से भरी पिकअप जब्त, जांच शुरू

केशकाल : केशकाल घाट में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी कबाड़ से भरी एक पुरानी पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन घाट के आठवे मोड़ के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला। पिकअप मे मोटर साइकिल के पुराने कबाड़ के सामान भरे हुए थे। पुलिस ने आसपास पूछताछ कर वाहन के मालिक और चालक का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद वाहन को जब्त कर थाने लाया गया है।

पेट्रोलिंग के दौरान मिली लावारिस पिकअप की सूचना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2026 को केशकाल थाना की टीम घाट में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घाट के आठवे मोड़ के पास सफेद रंग की पुरानी पिकअप क्रमांक CG-13-D-2366 काफी समय से लावारिस खड़ी है। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम आरक्षक मनोहर निषाद के साथ मौके पर पहुंचे। वहाँ पिकअप का सामने वाले दरवाजे का शीशा खुला हुआ था और वाहन बिना चाबी के खड़ा था। उसके पिछले हिस्से में मोटरसाइकिल के पुराने कबाड़ के सामान भरे हुए थे। मौके पर न तो चालक मिला और न ही वाहन का कोई मालिक।

मैकेनिक की मदद से खुलवाया गया लॉक

पुलिस टीम ने घाट के आसपास मौजूद लोगो और राहगीरों से पूछताछ कर वाहन के मालिक और चालक की जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी पिकअप के संबंध में जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मैकेनिक को बुलाया और उसकी मदद से ड्राइवर साइड का लॉक खुलवाया। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर कोई अन्य सामान नहीं मिला, जबकि पीछे डाले में मोटरसाइकिल के पुराने कबाड़ के सामान पाए गए।

धारा 106 बीएनएसएस के तहत वाहन जब्त

वाहन के लावारिस मिलने और उसमे कबाड़ भरा होने की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने पिकअप सहित उसमे रखे सामान को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन को सुरक्षा के लिहाज से केशकाल थाने लाया गया। मामले में इस्तगासा क्रमांक 01/2026 तैयार किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश मिश्रा, उप निरीक्षक केवल सिंह शोरी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आरक्षक बिमला मंडावी, आरक्षक मनोहर निषाद, धर्मेंद्र नेगी, सदासिंह नेताम और गोपनीय सैनिक अनिल कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives