November 04, 2026


महादेव सट्टा एप के सरगना सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की रिमांड मंजूर, दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति

रायपुर. महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. सीबीआई की विशेष अदालत ने सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की रिमांड मंजूर कर ली है. साथ ही उसे पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय ले जाने की अनुमति भी दे दी है.

अब सीबीआई की टीम दिल्ली में उससे पूछताछ करेगी. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान सट्टेबाजी के नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस पूरे कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.

विदेश से भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ने अदालत में पेश किया था. इसके बाद जांच एजेंसी ने उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. सौरभ की पेशी और उसे रायपुर लाने की प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा व्यवस्था गोपनीय रखी गई. अब अदालत से आठ दिन की रिमांड और दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति मिलने के बाद सीबीआई की जांच आगे बढ़ेगी.

ईडी भी कर सकती है पूछताछ

महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है. सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद ईडी का रायपुर जोनल कार्यालय भी सक्रिय है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी सौरभ से पूछताछ के लिए अदालत में प्रोटेक्शन वारंट की प्रक्रिया अपनाने की तैयारी कर रहा है. इसके जरिए सीबीआई की हिरासत समाप्त होने के बाद उसे अपनी जांच में शामिल किया जा सकता है.


Archives

Advertisement

Trending News

Archives