November 04, 2026


घर से बाहर जाने पर रोकती थी दादी, गुस्साए पोते ने लकड़ी से हमला कर की हत्या

बिलासपुर : जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पोते ने अपनी ही 65 वर्षीय दादी को लकड़ी के खुरा से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। मृतिका नरबद कोशले अपने घर में रहती थीं

बताया जा रहा है कि दादी अपने पोते मृत्युंजय कोशले उर्फ बब्बू कोशले को बार-बार घर से बाहर आने-जाने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर पोता उनसे नाराज था। 2 नवंबर की रात करीब 10 बजे गुस्से में आकर उसने लकड़ी के खुरा से दादी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वृद्धा की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद फोन कर अपने पिता को दादी की हत्या करने की जानकारी दी। यह खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

मृतिका के भाई भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों के साथ जब घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। पीछे की खिड़की से झांककर देखने पर नरबद कोशले खाट पर खून से लथपथ पड़ी दिखाई दीं। इसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया, जहां वृद्धा मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

घटना के बाद पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामूली घरेलू विवाद में पोते द्वारा अपनी ही दादी की हत्या किए जाने की इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives