September 02, 2026


डबल मर्डर का पर्दाफ़ाश : सगे भाई ने की थी भाई और भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

लोरमी। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड को सुलझाने में मुंगेली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सगे भाई ने ही अपने भाई और भाभी की हत्या की थी। एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व और लोरमी पुलिस की बेहतरीन फील्ड पुलिसिंग के बदौलत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला ग्राम नवलपुर का है, जहां बंद मकान से आ रही बदबू के बाद जब ताला तोड़ा गया तो 50 वर्षीय नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई कश्यप के क्षत-विक्षत शव बिस्तरों पर मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने खुद कमान संभाली और मामले के त्वरित व सूक्ष्म निस्तारण के लिए विशेष निर्देश दिए। एसएसपी पटेल के रणनीतिक मार्गदर्शन और लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव की कुशल अगुवाई में तुरंत साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया।

जमीन विवाद में वारदात को दिया अंजाम

थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव की टीम ने बिना वक्त गंवाए घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया और फॉरेंसिक साक्ष्यों को जुटाया। पारंपरिक बेसिक पुलिसिंग और तकनीकी इनपुट्स को मिलाते हुए जब कड़ियां जोड़ी गईं तो मृतक के सगे भाई नंदु कश्यप पर शक की सुई जा टिकी।

जब संदेही नंदु कश्यप से कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह ज्यादा देर पुलिस को गुमराह नहीं कर सका। आरोपी ने कबूल किया कि पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से के विवाद और रंजिश में उसने 19 अगस्त की दरम्यानी रात कुदरी से हमला कर अपने भाई और भाभी की नृशंस हत्या की थी।

पुलिस ने आरोपी काे न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

आरोपी नंदु कश्यप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदरी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई और अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने की इलाके में सराहना हो रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives