October 25, 2026


भीषण सड़क हादसा : राजहंस बस और बोलेरो की टक्कर, एक महिला की मौत, 14 लोग घायल

कोरिया । छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरचा थाना क्षेत्र के नगर गाँव के पास राजहंस बस और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दर्शन के लिए कुदरगढ़ धाम जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग चिरमिरी से कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे नगर गांव के पास बोलेरो की राजहंस बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे में रितु सिंह की मौत

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिला की पहचान रितु सिंह के रूप में हुई है। वह चिरमिरी के खोखापानी की निवासी थीं। हादसे में चार बच्चों सहित कुल 14 लोग घायल हुए है।

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives