जशपुर : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 किलो गांजा जब्त किया है. पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा
रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है. पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित
कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए, जबकि वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपए है. कुल जब्ती करीब 3 करोड़ रुपये की बताई
गई है. यह कार्रवाई जशपुर पुलिस के “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत थाना कुनकुरी और थाना नारायणपुर क्षेत्र में की गई. आरोपियों
के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
कुनकुरी में 494
किलो गांजा बरामद
कुनकुरी पुलिस 27
अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी.
इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप संदिग्ध नजर आई. पुलिस
ने थाना परिसर के सामने वाहन को रोककर तलाशी ली. वाहन की डाला में सब्जी की ट्रे
के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं. इनमें पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120
पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 246 किलो गांजा मिला. मौके से पुलिस ने अनवर अंसारी, उम्र
45 वर्ष, निवासी रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी कैमूर, बिहार को
गिरफ्तार किया.
इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर की
सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी. पुलिस ने पीछा किया तो चालक सालियाटोली
के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. कार की तलाशी में 20
बैगों में रखे 120 पैकेट मिले, जिनमें करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ. फरार आरोपी
की तलाश जारी है. इस तरह कुनकुरी क्षेत्र में कुल 494 किलो
गांजा और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए गए.
नारायणपुर में कार से 26
किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई नारायणपुर थाना
क्षेत्र में हुई. पुलिस को 27 अगस्त
को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की
स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 से गांजा ले जाया जा
रहा है. सूचना पर पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर कार को रोका. तलाशी के
दौरान डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट मिले, जिनमें करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने कार
सवार कमल किशोर ओझा, उम्र 56 वर्ष,
निवासी शिवपुरी और अनिता सोनी, उम्र 35
वर्ष, निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश
को गिरफ्तार किया. तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर भी जब्त कर ली गई.
ओडिशा से उत्तर प्रदेश
तक तस्करी की कड़ी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने
गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात बताई है. पुलिस अब यह पता लगाने में
जुटी है कि गांजा उड़ीसा में कहां से लाया गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति
तक इसकी सप्लाई की जानी थी. पुलिस सप्लायर और गांजा प्राप्त करने वाले लोगों की
भूमिका की भी जांच कर रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार
के मार्गदर्शन तथा संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में दोनों थाना क्षेत्रों की
पुलिस टीमों ने कार्रवाई की.
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में
कार्रवाई करते हुए गांजा समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने कहा कि
नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन
आघात” लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर
वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.