रायपुर/अभनपुर : अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो में चौकीदार परमेश्वर सिदार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी तिजियाबाई सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026
की सुबह करीब 6 बजे ग्राम टोकरो तालाब के
मालिक शैलेन्द्र देवांगन ने सूचना दी कि ग्राम टोकरो छांटा तालाब पार रहने वाले
चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव तालाब पार स्थित टिननुमा गोदाम के सामने पड़ा हुआ
है। सूचना पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि मृतक का शव चित अवस्था में पड़ा
था। मृतक के गले में बाएं कान के नीचे दबाने के निशान दिखाई दिए। प्रथम दृष्टया
अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका पर अपराध क्रमांक 262/2026
धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर
विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, उपस्थित लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार
पर संदेही तिजियाबाई सिदार (26 वर्ष), निवासी
ग्राम तोरला, पोस्ट सक्ती, थाना झरबन,
जिला बरगढ़ (ओडिशा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के
अनुसार, पूछताछ में तिजियाबाई सिदार ने बताया कि उसका पति
तालाब में चौकीदारी करता था, शराब पीने का आदी था तथा उसके
चरित्र पर संदेह कर मारपीट करता था। 3 अगस्त 2026 की रात वह लघुशंका के लिए मैदान गई थी। वापस आने पर उसने देखा कि उसका पति
परमेश्वर सिदार अपनी बच्ची के साथ गलत कार्य करने की कोशिश कर रहा था। इस पर
गुस्से में आकर उसने अपनी पहनी हुई साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया,
जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
इसके बाद, पुलिस के अनुसार,
उसने पुलिस से बचने के लिए शव को बाहर रख दिया और स्वयं घर के अंदर
चली गई। दरवाजे की सिटकनी ढीली होने के कारण अंदर से हाथ डालकर दरवाजा बाहर से बंद
कर दिया तथा सुबह होने का इंतजार किया। सुबह तालाब में लोगों की आवाजाही शुरू होने
की संभावना पर उसने अंदर से दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई। गांव के मनीराम साहू ने
आवाज सुनकर दरवाजा खोला, जिसके बाद वह घटना से अनजान बनते
हुए विलाप करने लगी। इसके बाद मनीराम ने गांव के सरपंच और कोटवार को परमेश्वर
सिदार की मृत्यु की सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर
पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त
साक्ष्य मिलने पर 5 अगस्त 2026 को उसे
गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।