July 30, 2026


दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन : 26 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश, भेजा गया जेल

दुर्ग : पुलिस ने साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई की है. साइबर ठगी में प्रयुक्त 26 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय साइबर के निर्देश पर भिलाई नगर थाना क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक के संदिग्ध खातों की जांच की गई. जांच में पाया गया कि इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम सीधे जमा की गई थी, जिससे इन्हें लेयर-1 (म्यूल अकाउंट) की श्रेणी में रखा गया. वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों के जरिए ठगी की राशि अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करने और नकद निकासी के साक्ष्य मिले हैं.

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि खाताधारकों ने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल सिम और इंटरनेट बैंकिंग सुविधाएं अन्य लोगों को उपलब्ध कराईं. जिनका उपयोग साइबर अपराधियों ने ठगी की रकम को छिपाने, स्थानांतरित करने और अवैध आर्थिक लाभ कमाने के लिए किया.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 388/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3), 318(4) और 3(5) के तहत सभी 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं. मामले में डिजिटल और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर विस्तृत जांच जारी है तथा साइबर ठगी के मास्टरमाइंड और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives