July 29, 2026


सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, कांकेर और नारायणपुर से गोला-बारूद समेत बड़ी मात्रा में नक्सली डंप बरामद

नारायणपुर : नक्सलवाद के खात्मे के बाद सुरक्षाबलों का सर्चिंग ऑपरेशन जारी है. इसी क्रम में बस्तर संभाग के कांकेर और नारायणपुर जिलों में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. गोला-बारूद समेत बड़ी मात्रा में कांकेर और नारायणपुर से नक्सली डंप बरामद किया गया. छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है.

कांकेर से डेटोनेटर और विस्फोटक सामग्री मिली

सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों के छिपाए हुए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री है. सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान गट्टाकाल और दरवीकोड़ो के बीच जंगल में पहाड़ी इलाके में नक्सली डंप मिला. पुलिस ने बताया कि मौके से BGL सेल, डेटोनेटर, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री मिली है, जिसे सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया है. सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी रहेगा.

एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि 1 UBGL, 2 नग एके-47 राइफल राउंड, 21 नग 8 एमएम राउंड, 1 नग SLR मैग्जीन, 20 नग डेटोनेटर, 1 नग देसी कट्टा, 14 नग 303 राइफल राउंड, 23 नग 9 एमएम पिस्टल राउंड, 10 नग BGL सेल, 10 किलो फुटका बारूद, 2 नग UBG सेल, 99 नग एसएलआर राउंड, 2 नग एके-47 मैग्जीन, 10 नग बीजीएल राउंड और बेनाक्यूलर मिला है.

नारायणपुर से 297 जिंदा कारतूस मिले

नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र के आदींगपार कैंप के पास कसोड़-कुमेरादी के जंगलों से सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप बरामद किया है. डीआरजी और ITBP की 53वीं वाहिनी ने संयुक्त कार्रवाई की. इस अभियान में सर्चिंग टीम ने मौके से 297 जिंदा कारतूस बरामद किए. इसमें 7.62 मिमी के 195 और 5.56 मिमी के 102 राउंड कारतूस शामिल हैं.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives