July 28, 2026


खाट पर सो रही 8 साल की मासूम को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाते समय मौत, गांव में पसरा मातम

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम कामता में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर के अंदर खाट पर सो रही 8 वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मिलन यादव की 8 वर्षीय बेटी प्रिया यादव रात करीब ढाई बजे घर के अंदर खाट पर सो रही थी। इसी दौरान एक जहरीला सांप घर में घुस आया और बच्ची को नाभि के पास डस लिया। दर्द से बच्ची की चीख सुनकर परिजन जाग गए। कमरे की लाइट जलाने पर सांप दिखाई दिया, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, सोने से पहले बिस्तर की जांच करने तथा सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश न कर संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की जा रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives