July 27, 2026


केबल चोरी का 48 घंटे मे खुलासा : 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी भी पकड़ाए

लोरमी। मुंगेली जिले की लोरमी पुलिस ने केबल वायर चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने चोरी गया करीब 10 मीटर केबल वायर और घटना में प्रयुक्त कटर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के अभियान के तहत यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 (2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी दयालदास पात्रे ( 42 ), निवासी नवाडीह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई की रात उनके खेत स्थित ट्यूबवेल से करीब 10 मीटर केबल वायर चोरी हो गया था, जिसकी कीमत लगभग ₹1,200 बताई गई।

आरोपियों की निशानदेही पर सामान जब्त

विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही विशाल ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी अरमान खान, कुशाल रजक उर्फ छोटू और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया केबल वायर और वारदात में इस्तेमाल कटर बरामद कर लिया।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

इसके बाद विशाल ध्रुव (20) निवासी महामायापारा लोरमी, अरमान खान (19), निवासी करसरी चौकी डिंडौरी थाना चिल्फी तथा कुशाल रजक उर्फ छोटू (19) निवासी बाजारपारा लोरमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई रहेगी जारी- पुलिस

पुलिस ने कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives