बिलासपुर : जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बाल सुधार गृह से चार लड़के चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चौकीदार के साथ मारपीट करने के बाद उसे बंधक बनाया और उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गए। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद
निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के
रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से बाल सुधार गृह में चौकीदार के पद पर
कार्यरत थे। रविवार की रात करीब 11 बजे चौकीदार की हत्या कर
चारों बाल अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही
सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम
के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
CCTV
और अन्य साक्ष्यों की जांच
पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में
अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर चुकी है। साथ ही CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी
पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, हत्या के पीछे की
वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं चौकीदार की हत्या के बाद चार लड़कों के
फरार होने से सुरक्षा में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की
जांच कर रही है।
पुलिस बोली- हर पहलू की जांच जारी
इस मामले में सरकंडा थाना पुलिस का कहना
है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के
बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फरार चारों
लड़कों की तलाश जारी है।