June 28, 2026


सड़क किनारे खून से लथपथ मिला मछली कारोबारी का शव, दुकान बंद कर लौट रहे थे घर

धमतरी : जिले के नगरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है. अज्ञात हमलावरों ने मछली कारोबारी की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के दौरान मृतक के साथ लौट रहे उसके साथी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया, जिससे वह कुछ देर के लिए कुछ देख नहीं सका. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

मछली कारोबारी की हत्या

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिप्लब मंडल (करीब 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रतिदिन नगरी क्षेत्र में मछली बेचने के बाद अपने घर गरियाबंद जिले की ओर लौटता था. शनिवार रात भी वह दुकान बंद कर दोपहिया वाहन से अपने घर जा रहा था. उसके साथ गांव का युवक टूम्मन यादव भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि रात करीब 7 से 8 बजे के बीच नगरी-गरियाबंद मार्ग पर गोरगांव गांव से आगे जंगल के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद आरोपियों ने बिप्लब मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके शरीर पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शव पर कई गंभीर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हमले की बेरहमी का अंदाजा लगाया जा सकता है.

कारोबारी के साथी के आंखों में डाली मिर्ची

घटना के दौरान साथ में मौजूद टूम्मन यादव को हमलावरों ने कोई गंभीर चोट नहीं पहुंचाई, लेकिन उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. अचानक हुए हमले से घबराकर वह किसी तरह वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई. बाद में घटना की जानकारी पुलिस और आसपास के लोगों को दी गई.

सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस आपसी रंजिश, लूट और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

इस सनसनीखेज हत्या की घटना के बाद नगरी और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है. दिनभर मछली का कारोबार करने के बाद घर लौट रहे कारोबारी की इस तरह हत्या किए जाने से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives