June 21, 2026


योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाएं : सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े

सांसद, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक किया योगाभ्यास

रायपुर, 21 जून 2026 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सक्ती अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के समीप स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों ने एकजुट होकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत तथा आत्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सांसद ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने तथा इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सुखमय जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से योग अवश्य करना चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व अपना रहा है। योग के माध्यम से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ, प्रसन्न एवं ऊर्जावान जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने नागरिकों को संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ रहिए, मस्त रहिएऔर नियमित योगाभ्यास के माध्यम से अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाइए।

पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को करो योग, रहो निरोगका संदेश देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि संचालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, शवासन, पद्मासन तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का प्रशिक्षण देकर योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जवाहर लाल बंजारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री सुनील मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक, आमजन, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives