June 21, 2026


अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा की संवेदनशील पहल से बीमार बालिका के स्वास्थ्य में सुधार , दंतेवाड़ा से आई सुपरवाइज़र ने जताया आभार, कहा - जरूरतमंद बच्चों की मदद जारी रखें

चिकित्सकों व शुभचिंतकों के सहयोग से बालिका स्वस्थ होने की ओर अग्रसर

रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा की संवेदनशील पहल से गंभीर रूप से बीमार एक पीड़ित बालिका के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। 15 जनवरी 2026 को उपचार हेतु रायपुर लाई गई बालिका के प्रकरण पर डॉ. शर्मा प्रारंभ से ही सतत निगरानी रख रही थीं।  

चिकित्सकों के निरंतर उपचार, सभी के सहयोग एवं शुभकामनाओं से वर्तमान में बालिका के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और वह स्वस्थ होने की दिशा में अग्रसर है।  

बालिका की देखभाल के लिए दंतेवाड़ा से आई सुपरवाइज़र ने पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उपचार के दौरान उत्पन्न उनकी व्यक्तिगत कठिनाइयों की जानकारी मिलते ही डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया, जिससे सुपरवाइज़र को राहत मिली और बालिका की देखभाल भी निर्बाध रूप से जारी रही।  

डॉ. शर्मा की इस पहल से भावुक होकर सुपरवाइज़र ने कहा, "मैं डॉ. वर्णिका शर्मा जी का हृदय से धन्यवाद करती हूँ। उन्होंने मेरी परिस्थिति को समझा और समय पर सहयोग प्रदान किया। मेरी कामना है कि वे इसी प्रकार जरूरतमंद बच्चों की सहायता करती रहें, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य मिल सके।"  

बालिका एवं उसके परिजनों ने उपचार में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, अस्पताल प्रशासन, डॉ. वर्णिका शर्मा तथा सभी शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी की शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं से बालिका के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है।  

डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, समुचित उपचार और गरिमापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों के हित में किया गया प्रत्येक संवेदनशील प्रयास समाज में विश्वास, सुरक्षा और मानवीय मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाता है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives