March 23, 2026


दूरस्थ अंचलों के दिव्यांगों को मिला सहारा : शिविर में आधुनिक उपकरण वितरण से 120 हितग्राहियों को मिला लाभ

रायपुर : दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की पहल लगातार प्रभावी साबित हो रही है। इसी कड़ी में बस्तर जिले के आड़ावाल स्थित जयपुर फुट सेंटर में आयोजित विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर ने राज्य में दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में कुल 120 हितग्राहियों को आधुनिक तकनीक से निर्मित कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद जगी।

शिविर में बस्तर सहित आसपास के दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन पहुंचे। पंजीयन के बाद विशेषज्ञों द्वारा जांच कर हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए। आयोजन के दौरान 6 दिव्यांगों को कृत्रिम हाथ और 5 को कृत्रिम पैर प्रदान किए गए, वहीं 19 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 33 सामान्य ट्राईसाइकिल और 16 व्हीलचेयर वितरित की गईं, जिससे दिव्यांगजनों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

शिविर में शासन की योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। 17 हितग्राहियों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा। इसके साथ ही 14 दिव्यांगों को श्रवण यंत्र और 12 हितग्राहियों को बैसाखी प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सरल बनाने में मदद मिलेगी।

जयपुर फुट सेंटर के विशेषज्ञों द्वारा लगाए गए इस शिविर ने दूरस्थ क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों को राहत और विश्वास प्रदान किया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives