महासमुंद : छत्तीसगढ़ के विश्व विख्यात खल्लारी विधानसभा के घुँचापाली स्थित चंडी माता मंदिर में बीती शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ नशेड़ी उपद्रवियों ने मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने वहां के पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट भी की।
मिली जानकारी के अनुसार,
3 से 4 की संख्या में आए युवक नशे में धुत्त
थे। उन्होंने मंदिर परिसर में घुसते ही हंगामा शुरू कर दिया। युवकों ने हाथ में
चाकू ले रखा था, जिसे लहराकर वे वहां मौजूद भक्तों और मंदिर
स्टाफ को डरा रहे थे। इस दौरान जब मंदिर के पुजारी और सेवादारों ने उन्हें रोकने
की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए
मारपीट शुरू कर दी।
दहशतगर्दी की यह पूरी वारदात मंदिर
परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है
कि किस तरह बेखौफ बदमाश उत्पात मचा रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके
से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस
मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। बता
दें कि बागबाहरा का यह चंडी माता मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ियों से
रोज आने वाले जंगली भालुओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन हजारों भक्तों की
भीड़ उमड़ती है। ऐसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थान पर इस तरह की गुंडागर्दी ने
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।