किरंदुल। पावन महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर किरंदुल में एक ऐतिहासिक और दिव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री राम जनकल्याण सेवा समिति (बेलाडीला देव स्थान समिति) एवं श्री राघव मंदिर परिसर, किरंदुल के संयुक्त तत्वावधान में भगवान श्री लिंगेश्वर महादेव जी का परिवार सहित देव विग्रह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं आदिशक्ति मां काली जी का अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न किया जाएगा।
यह महोत्सव 12 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक श्री शिव मंदिर (श्री राघव मंदिर परिसर) में आयोजित होगा। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ देव विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा, रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना, पाठ, हवन, महाआरती एवं संगीतमय भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।
महाशिवरात्रि (15 फरवरी 2026) की रात्रि में विशेष महाभिषेक एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजन के समापन अवसर पर 16 फरवरी को भव्य भोग भंडारे का आयोजन भी किया गया है।
आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं शिवभक्तों से इस पुण्य आयोजन में परिवार सहित सहभागी बनने एवं तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करने की अपील की है। समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की सहभागिता से ही यह महायज्ञ सफल होगा।