January 17, 2026


जगदलपुर में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की कवायद

कांटिनेंटल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का हुआ निरीक्षण

जगदलपुर। ​बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कलेक्टर  हरिस एस के निर्देश पर जिला नर्सिंग होम एक्ट समिति ने डिमरापाल स्थित कांटिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पंजीयन संबंधी आवेदन के परिप्रेक्ष्य में सघन निरीक्षण किया। इस कवायद का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग होम एक्ट के तहत निर्धारित मापदंडों की जाँच कर अस्पताल संचालन की राह प्रशस्त करना है, ताकि क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

​इस निरीक्षण अभियान के लिए एक उच्च स्तरीय संयुक्त दल का गठन किया गया था, जिसमें जिले के वरिष्ठ स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद और नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा की उपस्थिति में अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इनके साथ ही आई.डी.एस.पी. नोडल अधिकारी डॉ. वी.के. ठाकुर, जिला क्षय रोग एवं टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी और पीसीपीएनडीटी की जिला निरीक्षण टीम ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के साथ मिलकर वहां मौजूद तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की।

​निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की कार्यक्षमता को बारीकी से परखा। दल ने विशेष रूप से एम.आर.आई., सीटी स्कैन, अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब, गहन चिकित्सा इकाई और डायलिसिस वार्ड का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में मरीजों की सेवा के लिए उपलब्ध मानव संसाधनों और अन्य तकनीकी संसाधनों के विषय में भी कांटिनेंटल अस्पताल प्रशासन के साथ पूर्ण विवेचना की गई। निरीक्षण दल द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट अब जिला परिवेक्षी प्राधिकारी सह जिला कलेक्टर बस्तर को प्रस्तुत की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के पंजीयन और संचालन संबंधी आगामी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives