March 04, 2023


मूंगफली की उन्नत खेती से बढ़ रही है किसानों की आय

गरियाबंद| जिले में फसल परिवर्तन के तहत किसान अब मूंगफली की खेती कर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। गतवर्ष 2021-22 में कृषि विभाग के टरफा योजनांतर्गत विकासखण्ड फिंगेश्वर के ग्राम रोबा में मूंगफली फसल प्रदर्शन आयोजित किया गया था। जिसमें ग्राम रोबा के 14 किसानों को सामूहिक रूप से मूंगफली की उन्नत किस्म धारणी का बीज दिया गया था। जिसमें कृषक नेहरू साहू पिता स्व. बुधराम साहू भी शामिल था। नेहरू ने अपने 1 एकड़ में कृषि भूमि में कृषि विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में मूंगफली की खेती की। नेहरू को बीज व आदान सामग्री कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड- फिंगेश्वर से प्राप्त हुआ। कृषि विभाग द्वारा कृषक को बीजोत्पादन कार्यक्रम के तहत् छ.ग. राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था जिला गरियाबंद में पंजीयन कराया गया। कृषक नेहरू ने बीज निगम में अपने उत्पादित मूंगफली को 6500 रुपये प्रति क्विंटल दर पर विक्रय कर समर्थन मूल्य से अतिरिक्त राशि 650 रुपये प्रति क्विंटल की आमदनी हासिल की। कृषक नेहरू साहू ने 52 हजार रूपये के मूंगफली विक्रय किया है। कृषक नेहरू साहू ने बताया कि मूंगफली की खेती अन्य फसलों की अपेक्षा काफी अच्छी है, उनकी फसल को देखकर ग्राम के अन्य कृषक भी मूंगफली की खेती की ओर प्रेरित हो रहे है। गतवर्ष की भांति इस वर्ष रबी 2022-23 में भी कृषक ने मूंगफली की उन्नत किस्म लिपाक्षी की खेती की है। उप संचालक कृषि ने बताया कि विकासखण्ड फिंगेश्वर में 120 हेक्टेयर में ग्राम रोबा, पुरैना, मडवाडीह, बिजली, कौंदकेरा, श्यामनगर के किसानों ने मूंगफली की खेती की है। उक्त ग्राम के कृषकों को विकासखण्ड कार्यालय से मूंगफली बीज लिपाक्षी किस्म का वितरण किया गया है, जो सूखा एवं कीट/रोग प्रतिरोधक किस्म है। कृषकों को अच्छा लाभ होने से पिछले वर्ष की भांति से वर्ष विकासखण्ड फिंगेश्वर के कृषकों का रूझान मूंगफली की खेती की ओर काफी बढ़ा है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives