February 27, 2023


अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद में कांग्रेस नेता ने एसडीएम को दी धमकी, कहा “एक में निपट जाओगे”

अधिकारियो से झूमाझटकी के बाद पुलिस कांग्रेस नेता को किया गिरफ्तार

रायपुर| सक्ती जिले में एक कांग्रेस नेता ने एसडीएम को धमकी दे डाली। उन्होंने कहा-एक मकान के चक्कर में निपट जाओगे, मैं बोल रहा हूं ना..निपट जाओगे। ये अधिकारी झूठ बोलता है। पूरा विवाद अतिक्रमण हटाने को लेकर हुआ है। कांग्रेस नेता के परिजनों ने अधिकारियों और पुलिस से भी झूमाझटकी की है। वहीं घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। शहर के बुधवारी इलाके में शुक्रवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही सबको नोटिस जारी किया हुआ है। शुक्रवार को भी यह कार्रवाई की गई थी। मगर उस दिन ऐसी कोई विवाद जैसी स्थिति नहीं बनी थी। इधर, शनिवार को जब प्रशासन की टीम कार्रवाई करने इस इलाके में पहुंची। तब कांग्रेस नेता और किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष साधेश्वर गबेल भी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि प्रशासन कांग्रेस नेता की कृषि सेवा केंद्र नाम से दुकान को भी तोड़ना चाहता था। बस इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से कहा-हमें तो इस जमीन का पट्‌टा मिला हुआ है। फिर ये कार्रवाई कैसे की जा रही है। मुझे लिखित में आदेश दिखाओ। इस पर सक्ती एसडीएम पंकज दाहिरे ने गबेल को समझाया। मगर वह विवाद करने लगे। उन्होंने कहा कि तुम एक मकान के चक्कर में निपट जाओगे। ये क्या हो रहा है। मैं बोल रहा हूं ना, ये अधिकारी झूठ बोलता है। हिरासत में ले गई पुलिस :- कांग्रेस नेता गबेल उस दौरान जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। उसके साथ आए परिजन भी भड़के हुए थे। विवाद के बाद पहले इन्होंने अधिकारियों से झूमाझटकी की। ये देखकर पुलिस ने बीच बचाव किया। मगर परिजन उनसे भी झूमाझटकी करने लगे। इसके बाद पुलिस की टीम कांग्रेस नेता को हिरासत में लेकर चली गई। तब जाकर मामला शांत हुआ। फिर कांग्रेस नेता की दुकान को तोड़ा गया है। अब घटनाक्रम के बाद पूरे मामले का वीडियो सामने आया है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives