February 11, 2023


जीत का मंत्र देने बस्तर आ रहे हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा : अरुण साव

लोकसभा प्रवास, बैठक, विशाल आमसभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के बस्तर दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि श्री नड्डा लोकसभा प्रवास अभियान के तहत भाजपा के जुझारू कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देने आ रहे हैं। वे बस्तर से चुनावी शंखनाद करेंगे। श्री साव ने बताया कि 11 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर बस्तर में रहेंगे। जहां वे लोकसभा की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। श्री नड्डा सुबह 9 बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा रवाना होकर पूर्वान्ह 11 बजे सीधे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर बस्तर पहुंचेंगे। सर्वप्रथम जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में माता का दर्शन करेंगे। मां की पूजा अर्चना के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा भाजपा कार्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे और पार्टी की लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठक पश्चात श्री नड्डा जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। श्री नड्डा जनसभा को संबोधित करने के बाद मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर बस्तर पहुंचेंगे और विशेष विमान से रवाना होंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए कमर कसकर तैयार है। हमारे राष्ट्रीय नेता कार्यकर्ताओं को संघर्ष में जीत का मार्ग प्रशस्त करने वाला मार्गदर्शन देने आ रहे हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा देश के गृहमंत्री अमित शाह जी कोरबा में विशाल जनसभा को संबोधित कर चुके हैं और कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विजय के लिए मैदान में उतार चुके हैं। अब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी बस्तर की धरती पर अपने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए संघर्ष पथ पर विजयश्री का वरण करने हरी झंडी दिखाने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से पूरे बस्तर में कमल खिलेगा। यह हमारा विश्वास है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives