December 18, 2022


राज्य सरकार ने किसानों के हित में ऋण माफ किया: मंत्री डॉ. टेकाम

छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आदर्श गौठान खड़गवां कला में आयोजन

रायपुर| मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड की खड़गवां कला आदर्श गौठान में छत्तीसगढ़ गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणजनों ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ गौरव दिवस में वर्चुअली शामिल हुए और उनका संदेश सुना। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने पिछले 4 सालों में सरकार की उपलब्धि एवं अन्य सफलताओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में ऋण माफी किया है। किसान खुश है, सरकार 2500 क्विंटल में धान खरीद रही है एवं धान विक्रय पर 48 घंटे में किसानों के खाते में पैसा ट्रांसफर हो रहा है। आदर्श गौठान खड़गवां कला से महिला स्व सहायता समूह द्वारा सब्जियां एवं खाद से लाखों की आमदनी हो रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत किसानों को धान के बदले अन्य फसल पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ दिया जा रहा है। कोदो, कुटकी को समर्थन मूल्य में खरीदा जा रहा है। लघु वनोपज की खरीदी की जा रही है कोरोना काल में भी राज्य सरकार ने लघु वनोपज के उत्पादों को खरीदा। स्थानीय ग्रामीण जनों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले इसके लिए राज्य सरकार द्वारा स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्कूली बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को धान की कीमत अब देश में सबसे अधिक मिल रही है। सरकार ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लेकर भूमिहीन कृषि मजदूरों के हित में योजनाएं चलाई है। इन योजनाओं से आमलोगों को सीधा आर्थिक लाभ हुआ है और छत्तीसगढ़ के लोगों में खुशहाली बढ़ी है। राज्य के किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गाे आदि सभी वर्गाे-समाजों के लिए योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। राज्य का सर्वांगीण विकास करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने बताया कि गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार किया जा रहा है। इसके साथ विभिन्न गतिविधियां संचालित हो रही है और जिससे लाखों की आमदनी हो रही है। गौठान से उत्पादित सब्जियां स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में मध्यान्ह भोजन के लिए भेजी जाती है। मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम एवं उपस्थित प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विभाग एवं बिहान की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन। कार्यक्रम में मंत्री डॉ. टेकाम ने मत्स्य पालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग के हितग्राहियों को मछली जाल, आइस बॉक्स, पौधा एवं निःशुल्क मसूर दाल का वितरण किया। कार्यक्रम में सरगुजा कमिश्नर डॉ. संजय कुमार अलंग, कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा, एसपी श्री रामकृष्ण साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शक्कर कारखाना अध्यक्ष श्री विद्यासागर सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मंजू मिंज, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives