December 01, 2022


नया सब्जबाग दिखाने आ रहे हैं बघेल, जनता अब छलावे में नहीं आएगी : अरुण साव

रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने की जगह नए वादे नही चलेंगे : भाजपा

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रस्तावित भानुप्रतापपुर चुनावी दौरे के संदर्भ में कहा है कि अब तक मुख्यमंत्री भानुप्रतापपुर उपचुनाव से दूर रहकर भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम के विरुद्ध राजनीतिक षड्यंत्र रचने में व्यस्त थे। अब कूटरचित षड्यंत्र को सफल समझने का भ्रम उनके मस्तिष्क में घर कर गया है और भानुप्रतापपुर की जनता से मुंह छिपाने वाले मुख्यमंत्री झूठ का मायाजाल दिखाने भानुप्रतापपुर का रुख करने वाले हैं तो वे यह अच्छी तरह समझ लें कि उनकी असलियत छत्तीसगढ़ की जनता के साथ साथ भानुप्रतापपुर के जन जन के सामने आ चुकी है और अब भानुप्रतापपुर की जनता उनके किसी भी बहकावे व छल प्रपंच में फंसने वाली नहीं है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चार साल तक भानुप्रतापपुर के विकास को बाधित किया। चार साल पहले छत्तीसगढ़ की जनता को झूठे वादे करके सत्ता में आने वाले बघेल ने जनता के विश्वास के साथ सिर्फ वादाखिलाफी का खेल खेला है। विधानसभा में जब उनके कामकाज का ब्यौरा पूछा जाता है तो उनके पास कोई जवाब नहीं होता। जनता के सामने झूठ पर झूठ बोलने में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने में जुटे मुख्यमंत्री की बोलती वहां बंद हो जाती है, जहां उन्हें प्रमाणित तथ्यों के आधार पर जवाब देना होता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल जब जनता के सामने आएं तो नए वादों का श्रवण करने की अपेक्षा उनसे चार साल की उपेक्षा और वादाखिलाफी का जवाब मांगें। अब यह समय नए सिरे से वादों का झुनझुना पकड़ाने का नहीं, चार साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने का है। ताज्जुब है कि 4 साल से केवल वादे करते आ रहे भूपेश बघेल अब भी यह समझते हैं कि जनता उनके वादों पर भरोसा कर लेगी। भानुप्रतापपुर की जागरूक जनता अब मुख्यमंत्री से सीधा जवाब मांगे कि अब तक पिछले वादे पूरे क्यों नहीं किये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भानुप्रतापपुर की जनता को यह अवसर मिला है कि छत्तीसगढ़ की समूची जनता की आवाज बनकर कांग्रेस की वादाखिलाफी पर जवाब मांगे। भूपेश बघेल सरकार का रिपोर्ट कार्ड मुख्यमंत्री को दिखाने के लिए भानुप्रतापपुर तैयार है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives