रायपुर : घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों से घिरे अबूझमाड़ के गांवों में अब विकास की नई रोशनी पहुंच रही है। वर्षों से बिजली की सुविधा से वंचित विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह अबूझमाड़िया के परिवारों के जीवन में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहा है। योजना के तहत छत्तीसगढ के नारायणपुर जिले के नौ गांवों की अविद्युतीकृत बसाहटों में 64 परिवारों के घरों को सौर ऊर्जा से रोशन किया गया है। इससे ग्रामीणों के जीवन में सुविधाओं का विस्तार होने के साथ बेहतर भविष्य की नई उम्मीद जगी है।
छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास
अभिकरण (क्रेडा) द्वारा मंगबेड़ा, मंगाड़ी,
मुत्तेनतोड़ा, मुत्तेनादी, टाहकाडोण्ड, जाटलूर, टेकामेंटा,
आलवार एवं गुमचूर गांवों की अविद्युतीकृत बसाहटों में सोलर होम लाइट
संयंत्र स्थापित किए गए हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिन बसाहटों तक
पारंपरिक बिजली पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है, वहां सौर ऊर्जा
ग्रामीणों के लिए रोशनी का उपयोगी माध्यम बनी है।
सौर ऊर्जा के उजाले में
संवर रहा बच्चों का भविष्य
अबूझमाड़ के इन गांवों में पहले
सूर्यास्त के साथ ही ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियां सीमित हो जाती थीं। बिजली के
अभाव में बच्चों की पढ़ाई और महिलाओं के घरेलू कार्य प्रभावित होते थे। अब सोलर होम
लाइट संयंत्रों की स्थापना से शाम के बाद भी घरों में रोशनी उपलब्ध हो रही है।
बच्चे रात में अध्ययन कर पा रहे हैं, वहीं
महिलाओं को घरेलू कार्यों के संचालन में सहूलियत मिल रही है। सौर ऊर्जा से उपलब्ध
रोशनी ग्रामीण परिवारों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने में भी सहायक बन रही है।
मोबाइल चार्जिंग की
सुविधा से आसान हुआ संचार
सोलर होम लाइट संयंत्रों में रोशनी
के साथ मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्रामीणों को मोबाइल
चार्ज करने में होने वाली परेशानियों से राहत मिली है। संचार नेटवर्क उपलब्ध होने
पर ग्रामीण अपने परिजनों से संपर्क रखने, आवश्यक
सूचनाएं प्राप्त करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता लेने के लिए मोबाइल
का उपयोग कर सकेंगे। पर्यावरण के अनुकूल सौर ऊर्जा की यह व्यवस्था दूरस्थ वनांचलों
में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहित कर रही है।
अंतिम छोर तक पहुंच रहा
विकास का उजियारा
पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष
रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक आवास, पेयजल,
बिजली, सड़क, शिक्षा और
स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अबूझमाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण
उपलब्धि है।
अबूझमाड़ के नौ गांवों में सौर ऊर्जा
से जगमगाते ये 64 घर केवल विद्युतीकरण की
उपलब्धि नहीं, बल्कि जनजातीय परिवारों के जीवन में आ रहे
सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक हैं। भौगोलिक कठिनाइयों को पार कर अंतिम छोर पर बसे
परिवारों तक पहुंचती विकास की यह रोशनी समावेशी विकास, सामाजिक
सशक्तिकरण और अंत्योदय के संकल्प को साकार कर रही है।