November 27, 2026


श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में श्रम अधिकारियों को सायबर अपराध से सुरक्षा के दिए गए टिप्स

रायपुर : लगातार बढ़ रहे तकनीकी एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के साइबर सिक्योरिटी डिविजन के अधिकारियों द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान वर्तमान परिदृश्य में सायबर धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और ठगी के बढ़ते अपराधों से बचाव व सुरक्षा के ठोस उपायों की जानकारी श्रम, उद्योग एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन तथा श्रम सचिव, श्रमायुक्त सह मुख्य कारखाना निरीक्षक श्री हिमशिखर गुप्ता की मौजूदगी में पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, सेक्सटॉर्शन, ऑनलाइन निवेश एवं टास्क फ्रॉड तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे गम्भीर साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि साइबर अपराधी किस प्रकार फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक एवं एपीके फाइल के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।

विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जाने वाली ठगी से सतर्क रहने और किसी भी परिस्थिति में OTP, PIN या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह इस दौरान दी गई। प्रशिक्षण में साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives