November 27, 2026


चम्पा में खुला नवीन धान खरीदी केंद्र, किसानों को अब गांव के पास ही मिलेगी धान बेचने की सुविधा’

क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और धान विक्रय की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम चम्पा को नवीन धान खरीदी केंद्र की सौगात मिली है। गुरुवार को जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने फीता काटकर नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया।

ग्राम चम्पा में धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। नवीन खरीदी केंद्र खुलने से आसपास के गांवों के किसानों में खुशी का माहौल है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के धान उपार्जन केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों के समय और परिवहन खर्च की बचत होने के साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया भी आसान होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चम्पा में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों की मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

नवीन धान खरीदी केंद्र की स्थापना से किसानों को स्थानीय स्तर पर समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा उपलब्ध होगी। किसानों ने इस पहल को राहत देने वाला कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधायक श्रीमती रायमुनि भगत के प्रति आभार व्यक्त किया। शुभारंभ कार्यक्रम में श्री आनन्द यादव, सुश्री रूपावती, श्री जुगनू यादव, श्री हरिशंकर यादव, श्री बालरूप यादव, श्री सरजू यादव, श्रीमती काजल, श्री बलवन्त गुप्ता, श्री जितेन्द्र ताम्रकार, श्री मनोज भगत, सरपंच श्रीमती अल्का नाग, एकम्बा की सरपंच श्रीमती सुखमनिया बाई एवं श्री इलियास सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives