रायपुर : वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत बालोद जिले गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम पंचायत बघेली में सामुदायिक उपयोग हेतु परकोलेशन टैंक बघेली भाठा का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इस कार्य के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो रहा है, वहीं जल संरक्षण एवं भूजल स्तर में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
वर्तमान में उक्त निर्माण कार्य में 90
श्रमिक नियोजित हैं। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार से पूर्व ग्रामीण
श्रमिकों को अपने ही गांव में रोजगार मिलने से उन्हें परिवार की आवश्यकताओं को
पूरा करने तथा त्योहार की तैयारियों में आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है। स्थानीय
स्तर पर रोजगार मिलने से ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सहारा मिल रहा है तथा
गांव की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
परकोलेशन टैंक निर्माण
से होंगे जल संरक्षण के दूरगामी लाभ
परकोलेशन टैंक वर्षा जल को एकत्रित
कर उसे धीरे-धीरे भूमि के भीतर रिसने में सहायता करता है। इससे भूजल पुनर्भरण की
संभावनाएं बढ़ती हैं तथा जल स्रोतों के संरक्षण में मदद मिलती है। इस संरचना से
आसपास के क्षेत्र में मिट्टी की नमी बनाए रखने तथा कुओं एवं अन्य भूजल स्रोतों को
लाभ पहुंचाने में सकारात्मक योगदान मिलने की उम्मीद है। साथ ही,
वर्षा जल के बेहतर प्रबंधन और जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में
जागरूकता बढ़ाने में भी यह कार्य उपयोगी सिद्ध होगा।
जनप्रतिनिधियों,
अधिकारियों एवं तकनीकी अमले का योगदान
ग्राम पंचायत बघेली में वीबी जीरामजी
योजना के अंतर्गत संचालित परकोलेशन टैंक निर्माण कार्य के सफल क्रियान्वयन में
विकासखंड स्तरीय अधिकारियों, पंचायत
प्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले का महत्वपूर्ण योगदान है। इस कार्य के संचालन में
श्री नितेश साहू एवं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रतिज्ञा चंद्राकर के मार्गदर्शन
एवं सहयोग से कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वहीं, ग्राम
पंचायत सचिव श्री टिकेश्वर देशमुख, सरपंच श्री रामेश्वर
तेलासी एवं उपसरपंच श्री प्रमोद कुमार यादव द्वारा पंचायत स्तर पर कार्य के संचालन
में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। रोजगार सहायक श्री नोखे राम बंजारे द्वारा
श्रमिकों के नियोजन एवं रोजगार संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा
है।
निर्माण कार्य की तकनीकी देखरेख,
निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य संपादन तथा गुणवत्ता
सुनिश्चित करने में तकनीकी सहायक श्रीमती पद्मा पाटिल की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सभी संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले के
समन्वय से कार्य को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने का प्रयास
किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास और
आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के
माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों का
निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत बघेली में परकोलेशन टैंक का निर्माण इसी
उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे वर्तमान में
ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है और भविष्य में क्षेत्र की जल उपलब्धता को
बेहतर बनाने में सहायता मिलने की संभावना है।
इस प्रकार वीबी जीरामजी योजना के
अंतर्गत ग्राम पंचायत बघेली में संचालित यह कार्य रोजगार,
जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के समन्वय का उदाहरण है, जो गांव को जल-सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण
योगदान दे सकता है।