रायपुर : राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने आज सारंगढ़ - बिलाईगढ़ जिला में ”सेवा संकल्प अभियान” की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान को जिले में व्यापक, प्रभावी और भव्य स्वरूप देने के लिए मंत्री श्री वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ रणनीति तैयार की।
बैठक में मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल
जनसेवा और नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ”विकसित
भारत-2047” के संकल्प को मजबूत करने के लिए यह अभियान आयोजित
किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न
रहे, बल्कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत से लेकर सुदूर ग्राम पंचायतों तक एक जन-आंदोलन का रूप ले।
इसमें युवाओं, महिलाओं, स्वयं-सहायता
समूहों और वरिष्ठ नागरिकों समेत समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की
जाएगी।
माहभर आयोजित होंगी
विविध गतिविधियां
अभियान का शुभारंभ 17
सितंबर की शाम जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक
और सांस्कृतिक स्थलों पर ”आशीर्वाद का दीया” जलाकर किया जाएगा। इसी तरह 25 करोड़ बच्चों के सपनों
का भारत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक
आयोजित होगी। इसके तहत सभी सरकारी व निजी स्कूलों में चित्रकला और भाषण
प्रतियोगिताओं के जरिए नई पीढ़ी के सपनों के भारत की झलक देखने को मिलेगी।
आंगन का उत्सव का आयोजन 25
सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के सभी आंगनवाड़ी
केंद्रों में पोषण और महिला-बाल विकास से जुड़ी योजनाओं पर जागरूकता फैलाई जाएगी
और उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार के
अंतर्गत विकासखंड व विधानसभा स्तर पर विशेष शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को
मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
कहानी बदलाव की व नमो सेवा गाथा में
जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक
कहानियों का संकलन होगा और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इसी तरह सेवा मेरा योगदान व सेवा ज्योति यात्रा में नदियों,
घाटों की सफाई और सार्वजनिक सेवा कार्यों के साथ-साथ जिलेभर में
जन-भागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने बैठक में बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अभियान की
तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी विभागों के साथ तालमेल बिठाकर तिथिवार
कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री
संजय भूषण पांडेय, पुलिस अधीक्षक, जिला
पंचायत सीईओ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूर्व
विधायक तथा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।