August 29, 2026


जनहितकारी योजनाओं से संवर रहा बसंती कश्यप का परिवार, खुशहाल हुआ जीवन

महतारी वंदन सहित पीएम आवास, किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना का मिला लाभ

रायपुर : शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। बस्तर जिले के ग्राम मुंडापाल निवासी श्रीमती बसंती कश्यप भी ऐसी ही हितग्राही हैं, जिन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से उनके परिवार की जरूरतें पूरी होने के साथ जीवन में खुशहाली आई है।

श्रीमती बसंती कश्यप ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। इन योजनाओं के माध्यम से मिली सहायता ने उनके परिवार को अलग-अलग जरूरतों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का आवास मिलने से परिवार को सुरक्षित और सुविधाजनक आशियाना मिला है, वहीं उज्ज्वला योजना से रसोई के काम में सुविधा हुई है। किसान सम्मान निधि की सहायता राशि खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों में उपयोगी साबित हो रही है।

बसंती बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। नियमित आर्थिक सहयोग से परिवार के खर्चों को व्यवस्थित करने में सुविधा होती है और महिलाओं को अपने निर्णयों में आर्थिक संबल भी मिलता है।

योजनाओं का लाभ मिलने पर राज्य सरकार के प्रति जताई कृतज्ञता

श्रीमती बसंती कश्यप ने विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए राज्य सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित जनहितैषी पहल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं ग्रामीण परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं, जिसका लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है।

रक्षाबंधन से पहले मिली महतारी वंदन की राशि, बताया बहनों के लिए स्नेह

रक्षाबंधन के पहले महतारी वंदन योजना की सहायता राशि मिलने पर श्रीमती बसंती कश्यप ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस अवसर पर महिलाओं को सहायता राशि प्रदान किया जाना उनके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के बहनों के प्रति अपार स्नेह और सम्मान का प्रतीक है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives