June 30, 2026


लापता युवती का डैम में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। जिले के दर्री क्षेत्र स्थित हसदेव डैम में मंगलवार सुबह एक 30 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुाती जानकारी के अनुसार युवती के डैम से करीब 30 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष), पिता- नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह दर्री हसदेव डैम में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंच गए।

परिजनों ने बताया कि नंदनी मेहर एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। जब वह मंगलवार सुबह भी घर नहीं लैटी तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान आसपास के लोगों से उन्हें दर्री डैम में एक युवती का शव मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नंदनी के रूप में की।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती ने यह कदम कब, कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives