रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में आयोजित सुशासन तिहार जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इस अभियान के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।
इसी क्रम में कोंडागांव जिले के
फरसगांव विकासखंड के ग्राम सोड़मा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर
में ग्राम सिरसीकलार निवासी दिव्यांग हितग्राही श्री लक्ष्मीनाथ मंडावी को
मोटराइज्ड ट्राइसिकल प्रदान की गई। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के
अंतर्गत स्वीकृत पक्के मकान की चाबी भी सौंपी गई।
लक्ष्मीनाथ ने बताया कि दिव्यांग
होने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों और आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना
पड़ता था। परिवार में केवल उनकी माता हैं और घर की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है।
पहले बाजार या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था,
लेकिन अब मोटराइज्ड ट्राइसिकल मिलने से वे आसानी से गांव और बाजार
तक आ-जा सकेंगे। इससे उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलना उनके लिए किसी
सपने के पूरे होने जैसा है। अब उन्हें कच्चे मकान में होने वाली परेशानियों से
राहत मिलेगी और सुरक्षित वातावरण में रहने का अवसर मिलेगा।
सुशासन तिहार शिविर में एक साथ दो
बड़ी सौगात मिलने पर लक्ष्मीनाथ ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति
आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं ने उनके जीवन को नई दिशा और नई उम्मीद
दी है।