बिलासपुर : बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमंद में बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हो रही कहासुनी को शांत कराने पहुंचे युवकों पर ही आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक महमंद इलाके में बाइक खड़ी करने
को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ता देख आसपास मौजूद कुछ
युवक बीच-बचाव करने पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी
दौरान मामला अचानक उग्र हो गया और गुस्साए आरोपियों ने बीच-बचाव कर रहे युवकों पर
चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में दो युवक गंभीर
रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल
पहुंचाया गया, जहां
उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और
मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर
धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इलाके में घटना के बाद तनाव का
माहौल बना हुआ है।