May 18, 2026


तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत, 27 दिन पहले ही हुई थी शादी

जांजगीर-चांपा : जिले में एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एनएच 49 पर पीसौद चौक के पास हुआ, जहां हाईवा ने बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटा। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को जांजगीर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान कनाई निवासी जयराम कश्यप (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाईवा वाहन को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मृतक जयराम कश्यप के पिता ने बताया कि उनके बेटे की शादी मात्र 27 दिन पहले ही हुई थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य ग्राम नवापारा में एक छठी कार्यक्रम में गए हुए थे, जबकि जयराम घर पर था।

उसकी पत्नी भी अपने मायके गई हुई थी। पिता ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि जयराम बाइक से कहां जा रहा था। सूचना मिलने पर वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives