May 17, 2026


घर को बनाया नकली नोटों की फैक्ट्री, 6.5 लाख की फर्जी करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार

कांकेर : जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 6.5 लाख रुपए के 500-500 के नकली नोट बरामद किए गए हैं. पुलिस ने उसके पास से प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर भी जब्त किया है, जिनकी मदद से वह घर में ही नकली नोट तैयार कर रहा था.

नशे और कर्ज ने बनाया अपराधी

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की लत और भारी कर्ज में डूबा हुआ था. जल्दी पैसे कमाने की चाह में उसने नकली नोट छापने का रास्ता चुना. सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में फर्जी नोट लेकर घूम रहा है और उन्हें बाजार में चलाने की कोशिश कर रहा है. सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.

बस स्टैंड से हुई गिरफ्तारी

तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपए के कई नकली नोट मिले. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले 5 से 6 महीनों से घर पर ही प्रिंटर और स्कैनर की मदद से नोट छाप रहा था. पुलिस को आशंका है कि वह पहले भी बाजार में नकली नोट खपा चुका है.

घर से बरामद हुए उपकरण

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां से नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस काम में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई गिरोह भी सक्रिय है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस एक्सपर्ट्स की मदद से यह भी जांच करेगी कि नकली नोट असली नोटों की सुरक्षा विशेषताओं से कितने मिलते-जुलते थे. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन नोटों को कहां और किसके जरिए बाजार में पहुंचाने वाला था. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. कांकेर पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.


Archives

Advertisement

Trending News

Archives