May 10, 2026


नर्सरी के भीतर मिली युवक की रक्तरंजित लाश, हत्या की आशंका से पुलिस कर रही जांच

कोरबा : कोरबा दर्री मुख्यमार्ग स्थित बरपारा कोहड़िया क्षेत्र में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे नर्सरी के भीतर युवक की रक्तरंजित लाश मिली। शव के आसपास और नर्सरी परिसर में कई जगह खून फैला होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान बसंत पटेल निवासी सोनसरी, पामगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सर्वमंगला पुलिस चौकी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर किसी इंडस्ट्रीज में काम करता था।स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एएसपी लखन पटले भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। नर्सरी के भीतर फैले खून और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या वहीं की गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives