रायपुर : शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बस्तर जिले के मालेवाही गाँव में नक्सल हिंसा से पीड़ित बुधरी को पक्का आवास मिलने पर गुरुवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन उपस्थित होकर हितग्राही को शुभकामनाएं दीं और उनके नए जीवन की शुरुआत में सहभागिता निभाई।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने इस
दौरान कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की
रोशनी पहुंचाना है। नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और शासकीय
योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों
को निर्देशित किया कि ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर
योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने
बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और
सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन के विशेष योजना के तहत नक्सल
प्रभावितों के लिए आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुधरी जैसे
हितग्राहियों को आवास मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे
आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी तथा
ग्रामीणजन उपस्थित थे। सभी ने बुधरी और उनके परिजनों को नए घर के लिए बधाई देते
हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
हितग्राही बुधरी के पति स्व. फागूराम
की हत्या नक्सलियों ने किया था, फागूराम
की हत्या के बाद बेटा रमेश को शासकीय सेवा (भृत्य की नौकरी) में अवसर दिया गया और
विशेष योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिया गया है ।