रायपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर श्रम विभाग की त्वरित कार्रवाई से 103 मजदूरों को उनका लंबित वेतन मात्र दो दिनों के भीतर दिलाया गया। श्रम पदाधिकारी गरियाबन्द सुश्री जयंती बसंल ने बताया कि विकासखण्ड फिंगेश्वर के ग्राम कुंडेल निवासी नोमेन्द्र कुमार जोशी ने इस संबंध में सीएम हेल्पलाईन 1076 के माध्यम से शिकायत दर्ज किया था। जिसमें स्वयं के साथ अन्य 102 मजदूरों द्वारा मजदूरी भुगतान प्राप्त नहीं होने के संबंध शिकायत की गई थी।
शिकायत प्राप्त होने पर श्रम विभाग
ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं नियोक्ता से संपर्क कर
नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की। विभागीय प्रयासों के परिणामस्वरूप सभी मजदूरों का
लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया गया। कार्रवाई के तहत कुल 103
मजदूरों की बकाया वेतन राशि 9 लाख 20 हजार 99 रुपये उनके बैंक खातों में जमा कराई गई।
समयसीमा के भीतर भुगतान मिलने से मजदूरों को राहत मिली। वेतन भुगतान के सफल
निराकरण पर शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल तथा श्रम कल्याण
निरीक्षक मनीष कुमार बंजारे, डाटा एंट्री ऑपरेटर लुकेश्वर
सेन एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।