December 29, 2025


एन.एम.डी.सी. के सहयोग से रेलवे फुटवेयर से शिव मंदिर मार्केट तक सी.सी. सड़क निर्माण कार्य शुरू, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात

अरुण शर्मा/संवाददाता

किरंदुल। नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए रेलवे फुटवेयर से शिव मंदिर मार्केट तक सी.सी. (आर.सी.सी.) सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह कार्य एन.एम.डी.सी. के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग अब पूरी होने जा रही है।

यह सड़क मटन मार्केट के पास स्थित शिव मंदिर से रेलवे फुटवेयर तक फैली हुई है, जो क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ डी.ए.वी. स्कूल के छात्र-छात्राएं विद्यालय आने-जाने के लिए उपयोग करते हैं। अब तक सड़क कच्ची होने के कारण बरसात के दिनों में यहां भारी कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती थी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी शैलेन्द्र सिंह ने एन.एम.डी.सी. के महाप्रबंधक श्री रविन्द्र नारायण जी को अवगत कराया। जनहित को प्राथमिकता देते हुए एन.एम.डी.सी. प्रबंधन द्वारा सड़क निर्माण के लिए सहमति प्रदान की गई। इसी क्रम में दिनांक 24 दिसंबर 2025 (बुधवार) को नगर पालिका अध्यक्ष ने एन.एम.डी.सी. सिविल विभाग के अधिकारी श्री महेश समेटा के साथ संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं एवं निर्माण प्रक्रिया पर चर्चा की गई। इसके पश्चात आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर दिनांक 29 दिसंबर 2025 से सी.सी. सड़क निर्माण कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि इस सड़क निर्माण के लिए वार्ड पार्षद श्री राजकुमार सोनी द्वारा लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने समय-समय पर पत्राचार कर संबंधित विभागों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट किया, जिसके फलस्वरूप आज यह महत्वपूर्ण कार्य धरातल पर उतर पाया है।

स्थल निरीक्षण एवं कार्य प्रारंभ के अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शशि भूषण महापात्र, पार्षद के. सजी, राजकुमार सोनी, थॉमस बाबू दुर्गम, पार्षद यशोदा चुन्नम, बी. रूपा रानी, गायत्री साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सी.सी. सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध होगा, वहीं बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी। यह सड़क निर्माण किरंदुल नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives